
राउंडटेबल इंडिया एरिया 16 (झारखंड–ओडिशा) के अंतर्गत रांची के तीन चैप्टर्स —
रांची समारिटन राउंडटेबल 244,
रांची यूटोपियन राउंडटेबल 284 एवं
रांची एंकरेज राउंडटेबल 160
द्वारा समाजसेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की जा रही है।
“फ्लाइट ऑफ़ फ़ैंटसी” कार्यक्रम के तहत झारखंड एवं ओडिशा के 70 जरूरतमंद बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराया जा रहा है। इस यात्रा के अंतर्गत सभी बच्चों को सोमवार को रांची एयरपोर्ट से दिल्ली ले जाया जाएगा।
दिल्ली प्रवास के दौरान बच्चों को राष्ट्रपति भवन एवं संसद भवन का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे वे देश की लोकतांत्रिक और प्रशासनिक व्यवस्था को नज़दीक से समझ सकें। इसके पश्चात रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ द्वारा बच्चों को दिल्ली स्थित अपने आवास पर विशेष लंच पर आमंत्रित किया गया है।
यात्रा के दौरान बच्चों के ठहरने, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएँ एक स्टार होटल में सुनिश्चित की गई हैं।
इस विशेष ट्रिप में हटिया स्थित पारसनाथ पब्लिक स्कूल, रांची के बच्चों को शामिल किया गया है। बच्चों की इस सपनों की उड़ान को साकार करने की ज़िम्मेदारी रांची के तीनों राउंडटेबल — समारिटन 244, यूटोपियन 284 एवं एंकरेज 160 — ने संयुक्त रूप से उठाई है।

इस संबंध में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीनों राउंडटेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला, विक्रांत छाबड़ा एवं अर्पित जैन, तथा मीडिया कन्वेनर पौरुष जैन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री ऐश्वर सेठ का विशिष्ट योगदान रहा है।
प्रेस वार्ता में नीतीश जायसवाल, अचिंत, आदित्य कटारूका सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बच्चों को एयरपोर्ट से फ्लैग ऑफ़ करने हेतु महेश पोद्दार (पूर्व सांसद), निशा ओरांव (इनकम टैक्स कमिश्नर) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
राउंडटेबल इंडिया का मूल उद्देश्य “फ्रीडम थ्रू एजुकेशन” है।
राउंडटेबल इंडिया एवं लेडीज़ सर्कल इंडिया द्वारा रांची एवं खूंटी क्षेत्र में कई स्कूल, क्लासरूम एवं दो टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण कराया गया है। देशभर में अब तक संस्था द्वारा 9,000 से अधिक क्लासरूम का निर्माण किया जा चुका है।
राउंडटेबल इंडिया एवं लेडीज़ सर्कल इंडिया युवाओं द्वारा संचालित एक सामाजिक संगठन है, जो वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।