महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद बोले- प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर की सृष्टि देखें

Spread the love

रांची: बरियातू स्थित पवित्र हृदय काथलिक चर्च में रविवार को नए पल्ली पुरोहित के पदभार ग्रहण का भव्य एवं आध्यात्मिक समारोह आयोजित किया गया। रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया, जिसके दौरान फा. अनुप मिंज एसडीबी ने नए पल्ली पुरोहित के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।


समारोह की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। पल्ली के विश्वासियों ने महाधर्माध्यक्ष और नए पल्ली पुरोहित का गर्मजोशी से स्वागत किया। मिस्सा के दौरान महाधर्माध्यक्ष ने चर्च की जिम्मेदारियों का प्रतीक विभिन्न धार्मिक चिह्न एवं सामग्री नए पल्ली पुरोहित को सौंपते हुए उन्हें विश्वासियों की आध्यात्मिक सेवा का दायित्व सौंपा।


अपने प्रेरणादायक संदेश में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति ईश्वर की अनमोल सृष्टि है। हर इंसान का सम्मान करें और परोपकार को जीवन का हिस्सा बनाएं। जरूरतमंद की सहायता करना प्रभु यीशु की सेवा करने के समान है।” उन्होंने सभी विश्वासियों से प्रेम, सेवा और एकता के साथ जीवन जीने का आह्वान किया।


इस अवसर पर वार्षिक पल्ली दिवस भी मनाया गया। पल्ली की उन्नति, एकता और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मिस्सा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में महाधर्माध्यक्ष, नए पल्ली पुरोहित, सहायक पुरोहितों और अन्य धर्मगुरुओं को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नए पल्ली पुरोहित फा. अनुप मिंज, सहायक पल्ली पुरोहित फा. डेविड मिंज, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फा. असीम मिंज, धर्मबंधु, धर्मबहनें तथा हजारों ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply