
रांची: भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल, जमीन और आदिवासी स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन और उनके विचार आज भी समाज को अन्याय, शोषण तथा असमानता के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं।

रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों का अनुसरण कर ही एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और समरस समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से उनके विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

शहादत दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना रहा।





