
बारामती (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के बारामती में आज सुबह एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े एक विमान की बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटना हो गई। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय विमान का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह क्रैश-लैंडिंग का शिकार हो गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में पांच लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। मृतकों में तीन यात्री और दो पायलट शामिल बताए जा रहे हैं। इन्हीं रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का भी निधन हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, अजित पवार आज सुबह करीब 8 बजे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान में उनके साथ निजी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे।
हादसे के तुरंत बाद विमान में आग लगने की भी सूचना है, जिसके बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।

DGCA के शुरुआती इनपुट के आधार पर बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
आज बारामती में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की चार महत्वपूर्ण प्रचार सभाएं प्रस्तावित थीं, जिन्हें लेकर भी अब असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल, DGCA की ओर से इस घटना और जनहानि को लेकर आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर हालात पर नजर रखी जा रही है।