
रांची (Ranchi): आज राजधानी रांची में यूजीसी एक्ट के विरोध में छात्रों और युवाओं द्वारा एक विशाल, शांतिपूर्ण और अनुशासित मशाल जुलूस का आयोजन किया गया। यह मशाल जुलूस लकड़ी टाल से पिस्का मोड़ तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस विरोध प्रदर्शन की संयुक्त अगुवाई छात्र नेता गौरव सिंह, बंटी सिंह, गौरव आनंद एवं युवा नेता अभिनव तिवारी ने की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूजीसी एक्ट छात्र हितों के खिलाफ है और इससे शिक्षा व्यवस्था व छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसी को लेकर उन्होंने एक्ट को वापस लेने या इसमें आवश्यक संशोधन करने की मांग की।
मशाल जुलूस को संबोधित करते हुए छात्र नेता गौरव सिंह ने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी भी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की रक्षा के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो छात्र संसद से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
नेताओं ने यह भी कहा कि जब तक छात्र हितों की अनदेखी होती रहेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूरा मशाल जुलूस शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं देखी गई। आम जनता ने भी आंदोलन का समर्थन किया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावशाली एवं आकर्षक बन गया।