
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। ED के रायपुर ज़ोनल कार्यालय ने 28 मई 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत तीन प्रोविज़नल अटैचमेंट ऑर्डर (PAO) जारी किए हैं।
ED द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, घोटाले से जुड़ी लगभग 200 करोड़ रुपये की डीड वैल्यू तथा 1000 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित मार्केट वैल्यू वाली संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया गया है। एजेंसी का मानना है कि ये संपत्तियां कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से जुड़ी हुई हैं।

इसके अलावा, ED ने 29 मई 2026 को रायपुर स्थित विशेष PMLA अदालत में अपनी छठी सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट भी दाखिल की है। इस नई शिकायत में चार नए आरोपियों को शामिल किया गया है।
इनमें विजय भाटिया, टी. भुवनेश्वरा राव, प्रोबीर शर्मा और निखिल चंद्रकार के नाम शामिल हैं। ED के अनुसार, विजय भाटिया का शराब सिंडिकेट से करीबी संबंध रहा है और उसे कथित रूप से M/s Om Sai Beverages में 52.5 प्रतिशत बेनामी हिस्सेदारी ट्रांसफर की गई थी। वहीं प्रोबीर शर्मा पर आरोप है कि उसने सिंडिकेट की ओर से करोड़ों रुपये की नकद राशि को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम किया।
ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में PMLA के तहत आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 85 हो गई है। ED की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।