
पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गैर-कानूनी कोयला माइनिंग, अवैध कोयला ट्रांसपोर्टेशन और स्टोरेज से जुड़े मामले में आज एक बड़ी कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता जिलों में कुल 24 ठिकानों पर एक साथ तलाशी कर रही है।
इस छापेमारी का उद्देश्य अवैध खनन नेटवर्क, उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को सामने लाना है।
छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों द्वारा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध कागजात बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिन्हें ईडी ने अपने रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह जांच लंबे समय से चल रहे कोयला घोटाले की कड़ियों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
यह भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ईडी की यह कार्रवाई राज्य में अवैध कोयला व्यापार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी ऑपरेशनों में से एक मानी जा रही है।

