रिनपास ओपीडी घटना पर बड़ा फैसला: 4 सदस्यीय जांच समिति गठित, 15 दिन में रिपोर्ट, नए सख्त नियम लागू

Spread the love

रांची: रिनपास, कांके के ओपीडी परिसर में 10 जुलाई 2026 को हुई घटना के बाद संस्थान प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। निदेशक के निर्देश पर उपनिदेशक (प्रशासन) की अध्यक्षता में वरीय अधिकारियों की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।


समिति की अध्यक्षता डॉ. अमूल रंजन सिंह करेंगे। वहीं डॉ. विनोद कुमार महतो, डॉ. पी. पी. साह और डॉ. मनीषा किरण को सदस्य बनाया गया है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रचलित नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में संस्थान में अनुशासन और कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। अब किसी भी अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को नशे की हालत में संस्थान में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परिसर में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।


इसके अलावा रिनपास परिसर में हथियार, आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार, विस्फोटक या अन्य खतरनाक सामग्री लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। संस्थान से जुड़ी किसी भी सूचना, दस्तावेज, फोटो या वीडियो को निदेशक या उपनिदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मीडिया या सोशल मीडिया पर साझा करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन ने सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य किया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सेवा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रिनपास प्रशासन ने कहा है कि संस्थान में अनुशासन, पारदर्शिता, गरिमा और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply