रांची में झामुमो की बड़ी बैठक, SIR और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

Spread the love

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति की ओर से मंगलवार 26 मई 2026 को कांके स्थित मेडास बैंक्वेट हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर रणनीति तैयार करना था।
बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने की। इस दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में केंद्रीय सदस्य, जिला एवं महानगर संयोजक मंडली के सदस्य, विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


अपने संबोधन में डॉ महुआ माजी ने कहा कि वर्तमान समय में चल रही SIR प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में कई योग्य मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और BLA की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से न कटे।
वहीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे मुस्ताक आलम ने कहा कि रांची जिला के सभी पंचायत और बूथ समितियों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी 18 प्रखंड समितियों को सक्रिय करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने का आह्वान किया।


बैठक का संचालन पवन जेडीया ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कांके प्रखंड समिति द्वारा सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से आए पदाधिकारियों ने अपने सुझाव भी रखे।


बैठक में ओरमांझी, नगड़ी, रातु, सिल्ली, चान्हो, बेड़ो, नामकुम, कांके, खेलारी, बुंडू, मांडर, इटकी, अनगड़ा, लापुंग, तमाड़, बुढ़मू और राहे समेत कई प्रखंडों के अध्यक्ष एवं सचिव शामिल हुए। सभी ने मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने और योग्य मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply