मंदिर गार्ड की हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन अपराधी पकड़े गए

Spread the love

रांची | राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 अप्रैल 2026 की है, जब अज्ञात अपराधियों ने मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मंदिर की दान पेटी तोड़कर उसमें रखे पैसे भी चुरा लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मंदिर की दान पेटी से चोरी किए गए कुल ₹3,00,977 रुपये, हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े, ताला तोड़ने के औजार और अन्य सामान बरामद किए हैं।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी मंदिर के आसपास के ही निवासी हैं और मृतक ने उन्हें चोरी करते हुए पहचान लिया था। इसी कारण अपनी पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply