14वीं JPSC परीक्षा पर उठा बड़ा सवाल, JLKM ने राज्यपाल से की CBI जांच की मांग

Spread the love

रांची: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं छात्र आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोकभवन, रांची में मुलाकात कर 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, परिणाम से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और मुख्य परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने की मांग की। उनका कहना है कि यह मामला केवल परीक्षा परिणाम का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और JPSC की विश्वसनीयता से जुड़ा है।


JLKM ने मांग की है कि पूरे मामले की CBI या किसी सक्षम एजेंसी से जांच कराई जाए। साथ ही आयोग द्वारा जारी परिणाम पर संवैधानिक सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए जाने तथा सोशल मीडिया पर वायरल OMR शीट से जुड़े दावों की निष्पक्ष जांच की जाए।


संगठन ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने और श्रेणीवार कट-ऑफ सार्वजनिक होने तक 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा स्थगित की जाए। इसके अलावा अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाने और परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिए जाने की भी मांग की गई।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि JLKM किसी राज्य या अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसकी लड़ाई केवल झारखंड के युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया दिलाने के लिए है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला अध्यक्ष गुणा भगत, महानगर अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय सचिव विराट महतो और केंद्रीय संगठन महासचिव मनीष साहू भी मौजूद रहे।

Leave a Reply