
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी कर्मभूमि रांची समेत पूरे झारखंड में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। क्रिकेट प्रेमी, युवा खिलाड़ी और धोनी के प्रशंसक सुबह से ही उनके जन्मदिन का जश्न मना रहे हैं।


रांची में सुबह से लगातार बारिश होने के बावजूद प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई स्थानों पर बच्चों और क्रिकेट खिलाड़ियों ने केक काटकर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी का जन्मदिन मनाया। हर बच्चे की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम सुनाई दे रहा है—महेंद्र सिंह धोनी।

क्रिकेट कोचों ने भी धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि धोनी ने अपने शानदार प्रदर्शन, शांत नेतृत्व और संघर्ष के दम पर विश्व क्रिकेट में भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।

देशभर से नेता, फिल्मी सितारे, उद्योगपति और खेल जगत की हस्तियां भी सोशल मीडिया के माध्यम से महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रही हैं। सोशल मीडिया पर #HappyBirthdayMSDhoni ट्रेंड कर रहा है और लाखों प्रशंसक फोटो, वीडियो और संदेश साझा कर रहे हैं।

इसी बीच रांची के सिमलिया स्थित धोनी के फार्महाउस के बाहर भी बड़ी संख्या में प्रशंसक, क्रिकेट खिलाड़ी और कोच एकत्र होकर उनका जन्मदिन मना रहे हैं। केक काटने, मिठाइयां बांटने और धोनी के समर्थन में नारे लगाने का सिलसिला लगातार जारी है। जन्मदिन के इस अवसर पर पूरे झारखंड में जश्न का माहौल है और हर कोई अपने ‘कैप्टन कूल’ को शुभकामनाएं दे रहा है।
