मनरेगा घोटाले का बड़ा खुलासा: कागजों में आम का बाग, जमीन पर मिला घर, अब ACB करेगी जांच

Spread the love

रांची/पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में मनरेगा योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सत्यापन के दौरान जिन स्थानों पर आम का बाग दिखाया गया था, वहां बाग की जगह घर और अन्य निर्माण पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जांच करेगी।


जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 से 2024 के बीच बहरागोड़ा क्षेत्र में लगभग 70 बागवानी योजनाएं स्वीकृत की गई थीं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने इन योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

जांच में पाया गया कि कई स्थानों पर आम बागान का नामोनिशान तक नहीं था, जबकि योजना के नाम पर लाखों रुपये की निकासी की जा चुकी थी। कहीं बाग की जगह घर बने मिले तो कहीं केवल छोटे-छोटे गड्ढे दिखाई दिए। कुछ योजनाओं में मेड़बंदी और खेल मैदान निर्माण के नाम पर भी राशि निकाली गई, लेकिन धरातल पर काम नहीं मिला।


एसीबी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद ग्रामीण विकास विभाग और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


इस मामले के सामने आने के बाद मनरेगा योजनाओं की निगरानी व्यवस्था और सरकारी धन के उपयोग को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply