
खूंटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी जिला का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन बुधवार को नगर भवन खूंटी में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह केंद्रीय प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने एसआईआर को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके नाम पर बेवजह मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के कारण लोगों के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

बिनोद पांडेय ने कहा कि सभी बीएलए और पार्टी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना कारण मतदाता सूची से न हटे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एसआईआर प्रक्रिया को गंभीरता से लेने की अपील की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि बिनोद पांडेय के मार्गदर्शन और संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर तमाड़ विधायक विकास मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी अपने विचार रखे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पूर्व बिनोद कुमार पांडेय का कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, सरदार भगत सिंह तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सम्मेलन में एसआईआर विषय पर पार्टी की विशेषज्ञ टीम द्वारा ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने किया। सम्मेलन में पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

