
रांची : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान महानगर उपाध्यक्ष गौतम उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में एक भ्रामक नैरेटिव तैयार कर रही है और महिलाओं को गुमराह करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा की भूमिका संदिग्ध रही है। वर्ष 2023 में संसद में अधिनियम पारित होने के बावजूद दोबारा विशेष सत्र बुलाकर संशोधन के साथ इसे पारित करने की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर भाजपा को जवाब देना चाहिए।
गौतम उपाध्याय ने सवाल उठाया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां महिलाओं को मुख्यमंत्री पद पर क्यों नहीं बैठाया जाता। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी स्पष्टता मांगी और पूछा कि महिलाओं की एंट्री कब सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के साथ भेदभाव करती है और कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश रचती है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में चुनाव के दौरान लागू मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के बीच नरेंद्र मोदी के संबोधन पर भी सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराने की रणनीति बना रही है।
इस प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश सचिव शबाज़ अहमद, जगरनाथ साहू, बिनीता पाठक, अर्चना मिर्धा, विजय सिंह, फ़ातिमा साहिबा, सुनीता रवि और अफ़तारी बेगम समेत कई नेता मौजूद रहे।