मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए बड़े निर्देश

Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने, एम्बुलेंस सेवाओं की निगरानी, चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति तथा नई स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।



मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों सहित सभी नागरिकों का हेल्थ प्रोफाइल तैयार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का निर्देश दिया।



बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए एआई आधारित कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना और आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही ओला-उबर मॉडल की तर्ज पर एम्बुलेंस सेवा विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा।



मुख्यमंत्री ने एएनएम और जीएनएम के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली में तेजी लाने तथा अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की अलग-अलग स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पृथक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कैंसर, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और अन्य गंभीर बीमारियों के लिए विशेष आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं विकसित करने का निर्देश भी दिया।



बैठक में राज्य में “अबुआ दवाखाना” योजना शुरू करने की घोषणा की गई। इस योजना के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एकीकृत औषधि केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा पद्धतियों की आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।



मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेजों में यूजी और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों का कार्य समय पर पूरा करने तथा अंगदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।


समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply