मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ‘अबुआ दिशोम बजट पोर्टल एवं मोबाइल ऐप’ का किया शुभारंभ, आम जनता से मांगे बजट सुझाव ।

Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय, रांची में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट निर्माण हेतु जन-भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “अबुआ दिशोम बजट पोर्टल एवं मोबाइल ऐप” का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक मजबूत राज्य की नींव केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि जन-भागीदारी से रची जाती है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सहभागिता के माध्यम से एक समावेशी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बजट लागू करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पोर्टल, मोबाइल ऐप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स—व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स के माध्यम से आम नागरिक 17 जनवरी 2026 तक झारखंड राज्य के बजट निर्माण से संबंधित अपने बहुमूल्य सुझाव दे सकते हैं। विशेष रूप से राजस्व संवर्द्धन से जुड़े सुझाव राज्य को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राज्य सरकार द्वारा प्राप्त सुझावों में से तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे जन सहभागिता को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए, ताकि राज्य के सुदूर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से भी अधिकतम जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर माननीय वित्त मंत्री, मुख्य सचिव, सचिव (व्यय), सचिव (संसाधन), विशेष सचिव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply