सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली झारखंड क्रिकेट टीम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात, ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई ।

Spread the love

रांची। सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट–2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टीम के सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से सौंपकर जीत की खुशी साझा की। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन तथा मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड की यह जीत पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर झारखंड ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को मजबूती से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर मंच मिल सके। सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी।

उन्होंने जेएससीए से आग्रह किया कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें विदेशों में खेलने और प्रशिक्षण का अवसर दिया जाए, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव से उनके खेल में और निखार आ सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी झारखंड की टीम और बेहतर प्रदर्शन करेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल के साथ-साथ परंपरागत खेलों का भी पुनरुत्थान हो रहा है। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए, जिससे नई प्रतिभाओं को पहचान और अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य झारखंड को खेलों की दुनिया में देशभर में एक मजबूत और दमदार पहचान दिलाना है।

इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष श्री अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष श्री संजय पांडेय, सचिव श्री सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव श्री शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी एवं सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे।

Leave a Reply