
रांची, 13 जून 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ आज तमाड़ स्थित प्राचीन शक्तिपीठ माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया।

मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंचे। लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ संवाद भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा मंदिर परिसर में आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।

मुख्यमंत्री ने माता रानी से समस्त झारखंडवासियों के सुखद, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।


