रांची में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह 2026: उत्कृष्ट पंचायतों को मिला सम्मान, हेमन्त सोरेन ने दिया ग्रामीण विकास का मंत्र

Spread the love

रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल)” में Hemant Soren शामिल हुए। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, श्रेष्ठ ग्राम सभा, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति और जिला परिषद को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का विकास तभी संभव है जब गांव मजबूत होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य ही राज्य के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। सरकार गांवों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


कार्यक्रम के दौरान UIDAI से संबंधित सहभागिता की शर्तों (MoU) का औपचारिक हस्तांतरण भी किया गया। इसके तहत अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करना एक सकारात्मक पहल है, जिससे अन्य पंचायतें भी प्रेरित होंगी। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना’ ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार और बेहतर सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।


गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जल संकट से निपटने के लिए तैयारी करने पर जोर दिया। उन्होंने तालाबों के गहरीकरण, वर्षा जल संचयन और चापाकलों के पास सोक पिट निर्माण को बढ़ावा देने की बात कही।


इसके साथ ही उन्होंने किसानों को खेतों में सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया, जिससे अतिरिक्त आय का सृजन हो सके। सरकार द्वारा उत्पादित बिजली खरीदने की व्यवस्था भी की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।

इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, ममता देवी, राजेश कच्छप सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply