रांची में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

Spread the love

रांची: राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 24 अप्रैल को राजधानी रांची के शिवपुरम रोड नंबर-1, एदलहातू मोराबादी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी सहजानंद सरस्वती विकास मंच ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय सिंह ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिनकर जी का जन्म 23 सितंबर 1908 को बिहार के बेगूसराय जिले के सिमरिया गांव में हुआ था, जबकि उनका निधन 24 अप्रैल 1974 को हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि की प्रतिभा को पूरे देश ने सम्मान दिया और उनकी रचनाएं आज भी प्रेरणा देती हैं।


भाजपा प्रदेश के पूर्व मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि दिनकर जी की पुण्यतिथि केवल शोक का दिन नहीं, बल्कि उनके द्वारा जगाई गई राष्ट्रीय चेतना को स्मरण करने का अवसर है।

उन्होंने दिनकर की प्रसिद्ध पंक्ति—


“सिंहासन खाली करो कि जनता आती है”
का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी कविताएं आज भी समाज और युवाओं में ऊर्जा भरती हैं।


कांग्रेस प्रदेश कमेटी के नेता रमाकांत आनंद ने कहा कि दिनकर की कविताएं आज भी साहस और स्वाभिमान को जागृत करती हैं। वहीं, हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम शर्मा ने कहा कि उनकी लेखनी में देशभक्ति, वीरता और संवेदना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
रामाशीष सिंह ने उन्हें हिंदी साहित्य के प्रमुख कवि, लेखक और निबंधकार बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

कार्यक्रम में शिव शंकर सिंह, रामकुमार चौधरी, सौरभ कुमार, डॉ. शुभम समेत कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन व्रजेश शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अरविंद कुमार सिंह ने दिया।


इस अवसर पर झारखंड का नाम रोशन करने वाले एथलीट विशाल बहादुर को मंच की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल सिंह, कुंदन कुमार सिंह, भोले शंकर प्रसाद, प्रदीप कुमार सिंह, आनंद कुमार, नीतीश कुमार, विनय शर्मा, कौशलेंद्र प्रसाद सिंह, रोहित कुमार सिंह, नित्यानंद सिंह, रमेश सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply