दावोस और यूके यात्रा के बाद झारखंड में निवेश को लेकर सीएम Hemant Soren की बड़ी समीक्षा बैठक, टेक्सटाइल और आईटी सेक्टर पर जोर

Spread the love

रांची: मुख्यमंत्री Hemant Soren ने शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक दावोस में आयोजित World Economic Forum और यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के बाद आयोजित की गई, जिसमें राज्य में निवेश से जुड़े अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दी।


बैठक में मुख्यमंत्री ने दावोस और यूके में हस्ताक्षरित MoU (समझौता ज्ञापन) को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ टेक्सटाइल, उच्च शिक्षा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, क्रिटिकल मिनरल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जाए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेश के इच्छुक कंपनियों के प्रस्तावों पर तेजी से कार्य करते हुए बेहतर और प्रभावी कार्य योजना बनाई जाए, ताकि एमओयू को जल्द से जल्द जमीन पर उतारा जा सके।


बैठक में विशेष रूप से टेक्सटाइल पॉलिसी पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेक्टर राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन कर सकता है, खासकर महिलाओं के लिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग बड़ी संख्या में अन्य राज्यों में टेक्सटाइल क्षेत्र में काम करने जाते हैं, इसलिए राज्य में ही इस उद्योग को बढ़ावा देना जरूरी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस के वैश्विक मंच पर झारखंड ने निवेश के लिए अनुकूल राज्य होने का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सकारात्मक वार्ता हुई है, जिससे आने वाले समय में राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।


इसके अलावा मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार, किसानों की समृद्धि और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए जियो टैगिंग कराने और ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने क्रिटिकल मिनरल्स के रिसर्च, उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के साथ ही यूनाइटेड किंगडम के संस्थानों के साथ मिलकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में भी पहल करने को कहा।


बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply