
रांची, 26 नवंबर 2025: सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई) और यूनिट फॉर साइंटिफिक एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट (यूएनआईएसईडी) के बीच आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता रांची के छह सरकारी स्कूलों में “ट्रांसफॉर्मिंग यंग इनोवेटर्स: अटल टिंकरिंग लैब” नामक सीएसआर परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों में एसटीईएम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एंड मैथेमेटिक्स) शिक्षा को सुदृढ़ बनाना और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है।
सीएमपीडीआई के महाप्रबंधक एवं सीएसआर नोडल अधिकारी श्री संदीप कुमार भगत तथा यूएनआईएसईडी की कार्यक्रम निदेशक सुश्री रश्मि कुमारी ने दोनों संस्थानों के अधिकारियों की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।

लगभग 96 लाख रुपये की लागत वाला यह चार वर्षीय कार्यक्रम (2025-2029) प्रयोगशालाओं की स्थापना, आवश्यक उपकरणों की खरीद, शिक्षकों का प्रशिक्षण एवं तीन वर्षों तक परिचालन सहयोग जैसी गतिविधियों को सम्मिलित करता है।
यह परियोजना सीएमपीडीआई के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मिशन के तहत शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को और सशक्त करती है।
🇮🇳 सीएमपीडीआई में मनाया गया संविधान दिवस 2025
सीएमपीडीआई मुख्यालय, रांची में आज संविधान दिवस 2025 अत्यंत श्रद्धा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया गया।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/ईएस) श्री राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी) श्री नृपेन्द्र नाथ, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं अन्य कर्मियों ने उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ भाग लिया।
