देवघर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 8 साइबर अपराधी गिरफ्तार ।

Spread the love

देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने एक शातिर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो PM किसान योजना, लोन और कैशबैक के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।


पुलिस की कार्रवाई में अपराधियों के पास से 14 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, कई एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए उपकरणों का इस्तेमाल लोगों को फोन कर फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने में किया जा रहा था।


साइबर थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सरकारी योजनाओं और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म का हवाला देकर लोगों को झांसे में लेते थे और उनके खातों से अवैध रूप से पैसे निकाल लेते थे।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालोजोरी थाना क्षेत्र के जंगल-झाड़ी वाले इलाके में कुछ संदिग्ध युवक साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर थाना की टीम ने छापेमारी कर आठों अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।


फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल, लिंक और मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी तरह की निजी जानकारी साझा न करें।

Leave a Reply