
रांची जिला होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के खिलाफ शनिवार को अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मोरहाबादी मैदान से समाहरणालय तक पदयात्रा निकाली और उपायुक्त कार्यालय का घंटों घेराव किया।

अभ्यर्थियों ने बापू वाटिका में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रदर्शन की शुरुआत की। मोरहाबादी मैदान से रेडियम रोड और कचहरी चौक होते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी समाहरणालय भवन पहुंचे। भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
चार घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन

उपायुक्त कार्यालय के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों ने लगभग चार घंटे तक नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि उपायुक्त स्वयं आकर वार्ता करें और जल्द रिजल्ट जारी करने की तारीख घोषित करें।
काफी देर बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। उपायुक्त ने बताया कि फिजिकल परीक्षा के मास्टर चार्ट में छेड़छाड़ और कुछ अभ्यर्थियों के फर्जी स्थानीय प्रमाण पत्र को लेकर शिकायतें मिली हैं, जिसकी जांच जारी है।

जून माह के अंत तक रिजल्ट जारी करने का आश्वासन
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी जांच प्रक्रियाएं जून 2026 के अंत तक पूरी कर ली जाएंगी और इसके बाद पारदर्शी तरीके से रिजल्ट प्रकाशित किया जाएगा।
प्रदर्शन में आरसी फिजिकल अकैडमी, कमांडो डिफेंस एकेडमी, वर्दी मेरा जुनून कोचिंग और झारखंड फिजिकल अकैडमी से जुड़े प्रशिक्षकों और अभ्यर्थियों ने भी हिस्सा लिया।

पांच महीने बाद भी नहीं आया रिजल्ट
गौरतलब है कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रांची द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत 1614 होमगार्ड पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। 13 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक फिजिकल टेस्ट आयोजित हुआ था, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के पांच महीने बाद भी रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। इसी देरी को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
