
रांची में बढ़ती महंगाई और सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, दूध एवं दही के दामों में वृद्धि के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि देश में जब आर्थिक संकट की शुरुआत हुई, उस समय पूरी केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी। अब जब जनता को राहत की जरूरत है, तब प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों के नुकसान की चिंता सरकार को है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानियां नजर नहीं आ रही हैं।
“जनता को राहत नहीं, सलाह दी जा रही है”
केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश में थोक महंगाई दर 42 महीने के उच्चतम स्तर 8.3 प्रतिशत तक पहुंच गई है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की रसोई और घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने की बजाय प्रधानमंत्री लोगों को सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और किसानों को यूरिया की खपत घटाने जैसी सलाह दे रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री और भाजपा नेता साइकिल, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से चलने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि जनता को ठोस समाधान चाहिए।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन में महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।