
रांची : राजधानी रांची में अपराध और अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, यातायात और ग्रामीण के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पिछले दो दिनों में 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 220 से ज्यादा लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया।

रांची पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करना था। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई ऐसे आरोपी भी पकड़े गए हैं, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे। अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।