रांची में NRHM ANM-GNM अनुबंध कर्मियों का धरना, वेतन भुगतान और 8 सूत्री मांगों को लेकर सरकार से गुहार

Spread the love

रांची, 19 जून 2026: झारखंड राज्य NRHM-ANM/GNM अनुबंध कर्मचारी संघ के नेतृत्व में शुक्रवार को रांची स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में करीब 300 कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई।


संघ की ओर से 8 सूत्री मांग पत्र सिविल सर्जन, रांची को सौंपा गया। यह मांग पत्र मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग तथा अभियान निदेशक, NRHM झारखंड सरकार के नाम संबोधित किया गया है।


धरना के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने जामताड़ा की अनुबंध कर्मचारी रेखा कुमारी की मृत्यु का मुद्दा भी उठाया। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं।

संघ ने सरकार से रेखा कुमारी के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा सभी अनुबंध कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा लागू करने, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, बायोमेट्रिक उपस्थिति से छूट, लंबित बकाया राशि का भुगतान, 8 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि, वेतन वृद्धि तथा कर्मचारियों के शोषण पर रोक लगाने की मांग की गई।


धरना के बाद सिविल सर्जन ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी अनुबंध कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में संघ की अध्यक्ष मीरा कुमारी, महासचिव वीणा कुमारी, प्रेमा बड़ा, मीनू, रांची जिला अध्यक्ष कुमारी वंदना राय, सुप्रिया एंजेलिना, पूनम, अनीता, सुनीता, अनुपम, अलका समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply