देवघर सदर अस्पताल में बड़ा लापरवाही कांड! घायल मरीज को चढ़ाई गई एक्सपायरी स्लाइन, ड्रेसिंग के नाम पर वसूले पैसे

Spread the love

देवघर: देवघर सदर अस्पताल में मरीज के इलाज में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक को अस्पताल में कथित रूप से एक्सपायरी स्लाइन चढ़ा दी गई। इतना ही नहीं, ड्रेसिंग के नाम पर पैसे मांगने और पैसा नहीं देने पर मरीज का मोबाइल रखने का भी आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, बैजनाथपुर गांधीनगर मोहल्ला निवासी कृष कुमार शुक्रवार सुबह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टर की सलाह के बाद उसे ड्रेसिंग रूम भेजा गया।

मरीज की मां टुंपा देवी ने आरोप लगाया कि ड्रेसिंग करने के नाम पर ड्रेसर ने 550 रुपये की मांग की। जब उन्होंने तत्काल पैसा देने में असमर्थता जताई, तो उनके बेटे का मोबाइल अपने पास रख लिया। बाद में पैसे देने के बाद मोबाइल वापस किया गया।

ड्रेसिंग के बाद घायल युवक को वार्ड में भर्ती किया गया, जहां उसे स्लाइन चढ़ाई जा रही थी। इसी दौरान परिजन सुधीर तुरी की नजर स्लाइन की एक्सपायरी डेट पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि स्लाइन जनवरी 2026 में ही एक्सपायर हो चुकी थी।

परिजनों ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो अस्पताल के स्टाफ ने हड़बड़ी में गलती होने की बात कही और तुरंत स्लाइन बदल दी। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply