डबल डाउन बार हत्याकांड: झामुमो का भाजपा पर बड़ा हमला, नीरज सिंह को संरक्षण देने का लगाया आरोप

Spread the love

जमशेदपुर के डबल डाउन बार में हुई दो युवकों की हत्या के मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया कि भाजपा अपने व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह को राजनीतिक संरक्षण दे रही है।

झामुमो विधायक समीर कुमार मोहंती और पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि डबल डाउन बार में हुई घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। पार्टी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।


प्रेस विज्ञप्ति में झामुमो ने दावा किया कि जिस डबल डाउन बार में घटना हुई, उसका मालिक भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग नहीं कर रही है और उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।


झामुमो ने भाजपा से कई सवाल पूछे, जिनमें नीरज सिंह की गिरफ्तारी, पार्टी से निष्कासन और राजनीतिक संरक्षण जैसे मुद्दे शामिल हैं। पार्टी का कहना है कि भाजपा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन से जुड़े आरोपियों पर जवाब दे।


प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि घटना के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डबल डाउन बार को सील किया, संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया और दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाया। झामुमो का दावा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही झामुमो ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की टिप्पणियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें न्याय की चिंता है तो उन्हें अपनी ही पार्टी के पदाधिकारी के खिलाफ भी खुलकर बोलना चाहिए।


झामुमो ने दोहराया कि अपराधी किसी भी दल का हो, कानून सभी के लिए समान है और इस मामले में सभी दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply