
रांची: राजधानी रांची के राज अस्पताल में बुधवार को इलाज को लेकर उस समय हंगामा मच गया, जब एक मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय राजू कुमार को मई महीने में पैर टूटने के बाद राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान संक्रमण लगातार बढ़ता गया और अब मरीज की हालत बेहद गंभीर हो चुकी है। फिलहाल मरीज वेंटिलेटर पर भर्ती है।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर अब तक करीब 16 लाख रुपये का बिल बना दिया है। उनका आरोप है कि इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद अब अस्पताल मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कह रहा है। परिजनों ने सवाल उठाया कि पैर की चोट का संक्रमण सिर तक कैसे पहुंच गया और समय रहते उचित इलाज क्यों नहीं किया गया।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि यदि परिजन इस मामले में लिखित शिकायत देते हैं, तो पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
नोट: यह आरोप मरीज के परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जानी बाकी है।
