बिरसा चौक स्थित हांडी रेस्टोरेंट से चार साल पुराना अवैध कब्जा हटाया गया, प्रशासन ने मकान मालिक को सौंपा कब्जा

Spread the love

रांची। राजधानी रांची के बिरसा चौक स्थित हांडी रेस्टोरेंट परिसर में वर्षों से चले आ रहे कब्जा विवाद का सोमवार को समाधान कर दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रांची के आदेश पर प्रशासन ने दखल-दिहानी की प्रक्रिया पूरी कर मकान मालिक को संपत्ति का कब्जा सौंप दिया।


जानकारी के अनुसार, दंडाधिकारी श्रीमती साईनी तिग्गा की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उक्त परिसर पर पिछले चार वर्षों से कविता देवी, पति जय किशोर तिवारी द्वारा कब्जा किया गया था। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत दखल-दिहानी कराई गई।


कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम की निगरानी में संपत्ति को कब्जा मुक्त कराया गया और उसे मकान मालिक सच्चिदानंद कुमार को हस्तगत कर दिया गया।


कब्जा प्राप्त करने के बाद सच्चिदानंद कुमार ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान से उन्हें संतोष मिला है और प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से न्याय मिला है।


प्रशासन ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

Leave a Reply