
रांची: कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी में शनिवार को ‘मंथन’ नामक भव्य वार्षिक मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में प्री-प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, साहित्य, वाणिज्य, मानविकी, भारतीय संस्कृति और इतिहास पर आधारित 325 से अधिक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।
प्री-प्राइमरी के बच्चों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में 100 से अधिक हस्तशिल्प और कला कृतियों का निर्माण किया, जिनमें गुलदस्ते, पारंपरिक छठ का सूप, सजावटी सामग्री और अन्य रचनात्मक वस्तुएं शामिल थीं। वहीं प्राइमरी, सेकेंडरी और प्लस-टू के विद्यार्थियों ने लगभग 225 शैक्षणिक मॉडल प्रदर्शित किए।

विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने सौरमंडल, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण, ISRO रॉकेट लॉन्च, जल विद्युत ऊर्जा, सेंसर युक्त डस्टबिन, स्मार्ट हेलमेट, रिमोट नियंत्रित वाहन, मानव शरीर के विभिन्न अंगों, हार्मोन, श्वसन तंत्र, पाचन तंत्र तथा पर्यावरण संरक्षण और अम्ल वर्षा रोकने की तकनीकों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए।

गणित, हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी विषयों में व्याकरण, बीजगणित, त्रिकोणमिति, ज्यामिति, रामायण-महाभारत की वंशावली तथा विभिन्न साहित्यकारों की कृतियों को मॉडल के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया।

वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने वस्तु विनिमय प्रणाली से लेकर आधुनिक बैंकिंग, जीएसटी, शेयर बाजार, कैपिटल एसेट्स और लाइबिलिटी की कार्यप्रणाली को सरल एवं आकर्षक मॉडल के जरिए समझाया। वहीं मानविकी संकाय के छात्रों ने मेसोपोटामिया और सिंधु घाटी सभ्यता, कृषि उपकरण, प्राचीन मुद्राएं, हथियार तथा करियर के विभिन्न अवसरों का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी का एक विशेष आकर्षण भारत के चारों धाम—बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम—का मॉडल तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों की उत्पत्ति और भारत में उनके आगमन की जानकारी पर आधारित प्रस्तुति रही।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रियम्दा झा एवं निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस वार्षिक प्रदर्शनी को सफल बनाने में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदर्शनी में अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार की सराहना की।
