
झारखंड की राजधानी Ranchi में सोमवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान कांके रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल 2 के समीप एक विशाल मोनोपोल विज्ञापन बोर्ड अचानक गिर गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही Ranchi Municipal Corporation ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निगम की टीम को घटनास्थल पर भेजा। निगम कर्मियों द्वारा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गिरे हुए मोनोपोल स्ट्रक्चर को हटाने का कार्य शुरू किया गया ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर निगम की ओर से बताया गया है कि इस मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही संबंधित शाखा के अधिकारियों को एजेंसी से स्पष्टीकरण लेने और पूरे मोनोपोल स्ट्रक्चर की जांच कर दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम ने साफ कहा है कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले एजेंसी या जिम्मेदार पक्षों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।