13 महीने से वेतन नहीं, रांची में व्यवसायिक प्रशिक्षकों का हंगामा और प्रदर्शन

Spread the love

रांची में सोमवार को झारखंड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षकों ने 13 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में प्रशिक्षकों ने मोराबादी स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा और शक्ति प्रदर्शन किया।


प्रदर्शन के दौरान शहीद चौक के पास पुलिस प्रशासन ने पदयात्रा को रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को जिला स्कूल मैदान की ओर भेजा गया। हालांकि कुछ देर बाद प्रशिक्षक फिर से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ने लगे। इसी दौरान देवेन्द्र नाथ महतो और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल गरमा गया।


भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अल्बर्ट एक्का चौक पर घंटों डटे रहे और जेईपीसी तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले 13 महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पुलिस प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन व्यवसायिक प्रशिक्षक अपने हक की लड़ाई में पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्यभर के प्रशिक्षक लगातार विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं, बावजूद इसके सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है।


वहीं झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो और कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होता, आंदोलन विभिन्न स्वरूपों में जारी रहेगा।

Leave a Reply