
रांची स्थित चेम्बर भवन में शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के बीच व्यापार और निवेश की संभावनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों ने निवेश, औद्योगिक सहयोग और व्यापार विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान उद्योग सचिव श्री अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड औद्योगिक दृष्टिकोण से बेहद समृद्ध राज्य है और यहां विशाल खनिज संसाधनों के साथ उद्योगों की मजबूत आधारशिला मौजूद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन का विजन राज्य में खनिज खनन से लेकर हाई-एंड सॉल्यूशंस तक एक संपूर्ण वैल्यू चेन विकसित करने का है। साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देकर कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मजबूत करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि झारखंड में इको टूरिज्म, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, फूड प्रोसेसिंग और सुपर फूड्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। वहीं उद्योग निदेशक श्री विशाल सागर ने निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में झारखंड चेम्बर के अध्यक्ष श्री आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य तेजी से औद्योगिक विकास के नए चरण में प्रवेश कर रहा है और जल्द आने वाली नई औद्योगिक नीति निवेशकों के लिए बड़े अवसर लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड बिजली-सरप्लस राज्य है और यहां कुशल जनशक्ति की कोई कमी नहीं है।

वहीं बेल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के अध्यक्ष श्री अव्वारु मंजूनाथ ने झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश करने का निमंत्रण दिया और बेंगलुरु में आयोजित होने वाले MSME कॉन्क्लेव में शामिल होने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों राज्यों के उद्योगपतियों और व्यापारियों ने अपने व्यवसायों का परिचय देते हुए आपसी सहयोग और व्यापार विस्तार को लेकर विचार साझा किए। साथ ही बेल्लारी चेम्बर की ओर से उद्योग सचिव और उद्योग निदेशक को सम्मानित भी किया गया।