रांची में जया किशोरी का ‘नानी बाई का मायरा’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित, नई तिथि जल्द होगी घोषित ।

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के खेलगांव में ग्लोबल बिजनेस वेंचर प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित होने वाला प्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी का बहुप्रतीक्षित ‘नानी बाई का मायरा’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता के माध्यम से दी।


समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अपरिहार्य कारणों और समयाभाव के चलते निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन संभव नहीं हो सका। श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए इसकी तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।


आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। नई तिथि तय होने के बाद विधिवत प्रेसवार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय पूरी तरह परिस्थितिजन्य है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ दिव्य और भव्य आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। समिति ने विश्वास जताया कि नई तिथि पर आयोजित होने वाला ‘नानी बाई का मायरा’ कार्यक्रम पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगा।


ग्लोबल बिजनेस वेंचर प्राइवेट लिमिटेड ने कार्यक्रम की तिथि आगे बढ़ने से श्रद्धालुओं को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए क्षमा याचना की है। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नई तिथि की आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें।

Leave a Reply