झारखंड विधानसभा मॉनसून सत्र का शुभारंभ: अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो का हुआ आत्मीय स्वागत, जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा की अपील

Spread the love

रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के प्रथम दिवस की शुरुआत गरिमामय माहौल में हुई। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के सदन आगमन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक कल्पना सोरेन, विभिन्न दलों के विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा सफल और सार्थक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड विधानसभा राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की आशाओं, आकांक्षाओं और विश्वास का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी माननीय सदस्य संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए जनहित से जुड़े विषयों पर गंभीर, सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा करेंगे।


उन्होंने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने का मंच नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को नीति और निर्णयों में बदलने वाला सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थान है। इसलिए सदन की प्रत्येक कार्यवाही राज्यहित, जनकल्याण और विकास को समर्पित होनी चाहिए।


विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों के सदस्यों से सहयोग और सकारात्मक सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि आपसी संवाद, शालीन आचरण और संसदीय मर्यादाओं के पालन से यह मॉनसून सत्र सफल, अनुशासित और जनहितकारी सिद्ध होगा।

उन्होंने झारखंड के समग्र विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक विमर्श के माध्यम से लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply