झारखंड शराब प्रकरण: ACB ने जांच की रफ्तार बढ़ाई, तीन पूर्व अधिकारियों को 4 अगस्त को किया तलब

Spread the love

रांची, 29 जुलाई 2026: झारखंड की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था तथा झारखंड स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JSBCL) से जुड़े कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने तेज कर दी है। ACB के अनुसार मामले में महत्वपूर्ण अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।


ब्यूरो ने बताया कि पूर्व में दर्ज बयानों का उपलब्ध साक्ष्यों के साथ मिलान किया जा रहा है। जहां आवश्यक हो, संबंधित व्यक्तियों को दोबारा बुलाकर स्पष्टीकरण भी लिया जा रहा है।
इसी क्रम में ACB ने 4 अगस्त 2026 को पूछताछ के लिए तीन अधिकारियों को समन जारी किया है। इनमें तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (उत्पाद विभाग) गजेन्द्र सिंह, तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त), JSBCL सुधीर कुमार दास तथा तत्कालीन उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश शामिल हैं। इन अधिकारियों से पूर्व में दर्ज बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक स्पष्टीकरण लिया जाएगा।


ACB की जांच में टेंडर प्रक्रिया के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इसमें टेंडर की शर्तें, उनमें किए गए बदलाव, संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं की भूमिका तथा टेंडर में भाग लेने वाली कंपनियों की प्रक्रिया शामिल है।

इसके अलावा बैंक गारंटी, भुगतान, सरकारी राजस्व की वसूली, शराब आपूर्ति, दुकानों के हिसाब-किताब, नकद संग्रह, बैंक में राशि जमा कराने, ऑडिट तथा राजस्व वसूली से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। ब्यूरो यह भी जांच कर रहा है कि प्रक्रिया में किसी प्रकार की कमी के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान तो नहीं हुआ।


ACB ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, तथ्यपरक और साक्ष्य-आधारित तरीके से की जा रही है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष सभी दस्तावेजों, बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के बाद ही निकाला जाएगा। ब्यूरो का उद्देश्य पूरे मामले की प्रत्येक कड़ी की स्वतंत्र जांच कर तथ्यों को स्पष्ट करना और जांच की विश्वसनीयता बनाए रखना है।

Leave a Reply