
रांची/नई दिल्ली: राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड मानक की 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में झारखंड ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। रामगढ़ के आर्मी स्कूल के छात्र पूरव जैन ने राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। वहीं, चतरा के दीपक कुमार ने भी टॉप-60 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं में जगह बनाई है।

14 अक्टूबर 2026 को जारी सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पहला अवसर है जब झारखंड को इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष तीन स्थानों में जगह मिली है।

पूरव जैन ने विद्युत उपभोग की निगरानी के लिए दिया नवाचार का विचार
रामगढ़ के आर्मी स्कूल के छात्र पूरव जैन ने विद्युत उपभोग की निगरानी से संबंधित एक अभिनव उपकरण का विचार प्रस्तुत किया। उनके इस विचार को बीआईटी मेसरा में आयोजित मेंटरशिप कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने और बेहतर बनाया।
इस उपलब्धि के लिए पूरव जैन को प्रमाण पत्र, मोमेंटो और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।

चतरा के दीपक कुमार को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
चतरा जिले के गिधौर स्थित गंगा स्मारक उच्च विद्यालय के छात्र दीपक कुमार ने स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर पर अपना नवाचार प्रस्तुत किया। उनके प्रोजेक्ट को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और उन्होंने टॉप-60 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं में स्थान हासिल किया।
राज्य स्तर पर सम्मानित होंगे विजेता
झारखंड की इस उपलब्धि पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद और इंस्पायर अवॉर्ड मानक की राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम आईलीन टोप्पो ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विजेताओं को राज्य स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा भी की।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस प्रतियोगिता में झारखंड के विद्यार्थियों की सफलता राज्य में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और विद्यार्थियों की प्रतिभा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।