झारखंड को मिलेगा पहला मेडिकल यूनिवर्सिटी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ।

Spread the love

रांची: झारखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हेमन्त सोरेन ने राज्य में स्थापित होने वाले पहले झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ़ हेल्थ साइंसेज को लेकर झारखंड मंत्रालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।


यह बैठक झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वद्यालय अधिनियम, 2023 के अंतर्गत प्रस्तावित मेडिकल यूनिवर्सिटी के संचालन को लेकर आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी को जल्द से जल्द संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह झारखंड का पहला मेडिकल यूनिवर्सिटी होगा, जो राज्य की चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल रिसर्च को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रांची जिला के बॉम्बे क्षेत्र में प्रस्तावित यह यूनिवर्सिटी नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) की गाइडलाइन के अनुरूप विकसित की जाएगी। इसके तहत नियमावली का गठन, फैकल्टी मेंबर्स की नियुक्ति और प्रशासनिक ढांचे को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस यूनिवर्सिटी के माध्यम से राज्य में मानव संसाधन का विकास, आधुनिक चिकित्सा शोध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply