
रांची, 8 अगस्त 2026: झारखंड आंदोलन के प्रणेता वीर शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रांची स्थित शहीद निर्मल महतो चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं जिला-महानगर संयोजक डॉ. हेमलाल कुमार मेहता ने किया। वहीं झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो जैसे वीर सपूतों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि झामुमो और सरकार उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ते हुए जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि निर्मल महतो की परिकल्पना के अनुरूप झारखंड का विकास ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पांडेय ने दावा किया कि झारखंड के लिए निर्मल महतो ने जिस विकास की कल्पना की थी, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है और उनकी परिकल्पना को हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ही आगे बढ़ा सकती है।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं महानगर संयोजक अन्तु तिर्की, अश्विनी शर्मा, रामशरण तिर्की, लालजी रमण, अरुण वर्मा, प्रदीप मिर्धा, आशुतोष वर्मा, डॉ. बबलु राम, शमशाद मल्लिक, आदिल इमाम समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
