खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का बड़ा आंदोलन, रांची जिला बैठक में बनी रणनीति

Spread the love

रांची, 17 अगस्त 2026: खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को रांची के कडरू स्थित जामिया बैंक्वेट हॉल में झामुमो रांची जिला की आवश्यक बैठक आयोजित की गई।


बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने की, जबकि संचालन केंद्रीय सदस्य सह महानगर संयोजक मंडली सदस्य अंतु तिर्की ने किया। बैठक में केंद्रीय सदस्य, जिला संयोजक मंडली के सदस्य और विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव शामिल हुए।


बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी भी मौजूद रहीं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराया गया और पर्याप्त चर्चा का अवसर नहीं दिया गया।


झामुमो नेताओं का कहना है कि विधेयक लागू होने से झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के राजस्व हितों पर असर पड़ सकता है। पार्टी ने दावा किया कि इससे राज्य सरकार के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और इसका असर जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है।
बैठक में झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से इस विधेयक को वापस लेने की मांग की। पार्टी की ओर से कहा गया कि विधेयक के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
पंचायत से जिला स्तर तक आंदोलन की तैयारी
बैठक में तय किया गया कि प्रखंड समितियां पंचायत स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएंगी। इसके अलावा प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति बनाई गई है।


जिला स्तर पर भी जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व की ओर से खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ घोषित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों में पूरी मजबूती के साथ भाग लेने का निर्णय लिया गया।
जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि विधेयक के खिलाफ झामुमो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनजागरण अभियान को पंचायत स्तर तक पहुंचाने और पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को मजबूती से संचालित करने की अपील की।

बैठक में झामुमो की जिला एवं महानगर कमेटी के गठन को जल्द पूरा करने की मांग भी केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।


बैठक के अंत में झामुमो रांची जिला के दो पूर्व पदाधिकारियों दिवंगत नितिन अग्रवाल और अमरजीत सिंह की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और शोकसभा आयोजित की गई।

Leave a Reply