
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के नवनियुक्त सचिव श्री श्याम नारायण राम से शुक्रवार को झारखंड स्टेट स्टूडेंट एसोसिएशन (JSSA) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष सत्यनारायण शुक्ला कर रहे थे। इस दौरान सचिव को पंडित जवाहरलाल नेहरू से संबंधित एक पुस्तक भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुलाकात के दौरान छात्र हितों और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। JSSA ने विशेष रूप से फॉरेस्ट रेंजर ऑफिसर भर्ती परीक्षा और सिविल जज भर्ती परीक्षा में हो रही देरी को प्रमुखता से उठाया।
संगठन के अध्यक्ष सत्यनारायण शुक्ला ने बताया कि फॉरेस्ट रेंजर ऑफिसर भर्ती की मुख्य परीक्षा संपन्न हुए लगभग पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। इससे अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा सिविल जज भर्ती परीक्षा का मामला भी सचिव के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा हुए करीब दो वर्ष होने वाले हैं, लेकिन अब तक आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। अभ्यर्थी लंबे समय से परिणाम और अगले चरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
जेपीएससी सचिव श्याम नारायण राम ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन को स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में जेपीएससी अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक पहल करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आयोग छात्र हितों से जुड़े मामलों के प्रति संवेदनशील है और प्राप्त ज्ञापन पर उचित संज्ञान लिया जाएगा।
मुलाकात के बाद JSSA अध्यक्ष सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि संगठन अभ्यर्थियों की समस्याओं और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर आगे भी लगातार आवाज उठाता रहेगा तथा आयोग से शीघ्र और पारदर्शी कार्रवाई की अपेक्षा करता है।