
राँची: राँची के पंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ से पहले तेल मिल गली के पास गुरुवार देर रात गोली चलने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह फायरिंग आपसी विवाद के दौरान हुई है।
बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान दो आपराधिक गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। इस घटना में मोगली और विकास नामक दो युवकों को गोली लगने की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आपसी रंजिश के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।