
रांची: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय के इंतजार के बाद JSLPS की नई मानव संसाधन (HR) नीति को मंजूरी मिल गई है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर लागू की गई इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं में व्यापक सुधार किया गया है।
नई HR पॉलिसी के तहत JSLPS में करीब 1300 अतिरिक्त पदों का सृजन होगा, जिससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। सरकार का मानना है कि इससे संस्था की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
नई व्यवस्था के अनुसार L-5 से L-8 स्तर के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। साथ ही लैपटॉप एवं संचार भत्ते में बढ़ोतरी, पहली बार शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा कर्मचारी अब हर महीने स्वास्थ्य लाभ के लिए 1,000 रुपये तक का दावा कर सकेंगे।
नई नीति में पात्र कर्मचारियों को ग्रेच्युटी, प्रखंड एवं जिला स्तर के कर्मियों के लिए क्षेत्र भ्रमण भत्ते में वृद्धि, समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा को 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये तथा समूह मेडिक्लेम बीमा को 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह निर्णय JSLPS कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि नई HR नीति से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और JSLPS भविष्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
