
रांची। गुरुवार को रांची के बुंडू में आयोजित आदिवासी रैली में शामिल होने के लिए पिकअप वैन से जा रहे लोगों का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और 4 लोगों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही केन्द्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने घायलों को तत्काल रिम्स रांची में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कांके विधायक सुरेश बैठा और केन्द्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की रिम्स पहुँचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से शीघ्र और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

अजय तिर्की ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवज़े और घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था की मांग की है।





