राहुल सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट से मचा विवाद, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना केरकेट्टा को लेकर उठे सवाल

Spread the love

रांची: झारखंड के कुख्यात अपराधी राहुल सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। राहुल सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना केरकेट्टा का एक वीडियो साझा करते हुए उन पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने ज्योत्सना केरकेट्टा की एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिस पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बनाया गया है।



वायरल हो रहे इस पोस्ट में राहुल सिंह ने ज्योत्सना केरकेट्टा के बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्हें चेतावनी भरे अंदाज में संबोधित किया है। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है। कई लोगों ने इसे एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता को डराने, धमकाने और दबाव बनाने की कोशिश बताया है।

मामला सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिक समूहों ने इसकी जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के पोस्ट समाज में भय का माहौल पैदा कर सकते हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी असर डाल सकते हैं।


हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ज्योत्सना केरकेट्टा की ओर से किसी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं।

फिलहाल सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में चर्चा का दौर जारी है। मामले में प्रशासन और पुलिस के अगले कदम पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply