
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस लाइन परिसर में कथित तौर पर जुआ खेलने और खिलाने के आरोप में 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से पुलिस लाइन परिसर के भीतर ही कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध रूप से जुआ खेलने और खिलाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की सत्यता की जांच के बाद शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में अचानक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान एक निर्धारित स्थान पर घेराबंदी कर कथित तौर पर जुआ खेलते हुए 10 पुलिसकर्मियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
इस मामले में सार्जेंट मेजर आनंद राज खलखो ने बताया कि जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। फिलहाल आगे की प्रक्रिया जारी है।
निलंबन के साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ अनुशासनात्मक और विधिसम्मत विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस लाइन जैसे अनुशासन और कानून व्यवस्था से जुड़े परिसर में इस तरह का मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि विभागीय जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।