रांची में SIR कार्यों की समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

Spread the love

रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने रविवार को निर्वाचन सदन में रांची जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सभी ERO, AERO, अतिरिक्त सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि SIR के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि एक परिवार अथवा एक घर के सभी मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नजरी नक्शा, गृह संख्या और नोशनल नंबर का सही तरीके से सत्यापन करने को कहा गया।


के. रवि कुमार ने कहा कि यदि BLO द्वारा नजरी नक्शा या घरों के नोशनल नंबर में कोई गलती या संशय पाया जाता है, तो संबंधित BLO सुपरवाइजर इसकी जिम्मेदारी लेते हुए उसे दुरुस्त कराएंगे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ERO को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।


उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक दावा-आपत्ति, आवेदन, नोटिस और प्रस्तुत दस्तावेजों की नियमानुसार गहन जांच करने को कहा। मतदाता सूची से जुड़े मामलों का निष्पादन तथ्यों और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट एवं सकारण आदेश के माध्यम से करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने ERO और AERO को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य शामिल कराएं। SIR अथवा मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए नागरिक टोल-फ्री मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।


बैठक में रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह सहित रांची जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply